राजस्व टीम पर हमला कर नक्शा फाड़ा, लेखपाल को पीटा; मुकदमा दर्ज
राजस्व टीम पर हमला कर नक्शा फाड़ा, लेखपाल को पीटा; मुकदमा दर्ज
प्रतापगढ़। जमीन की पैमाइश कराने पहुंची राजस्व टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि विरोध करने पर लेखपाल के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से मारपीट की गई। हमले में लेखपाल को गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उनके हाथ में मौजूद नक्शा भी फाड़ दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।पट्टी तहसील में तैनात लेखपाल सुधीर मौर्य के अनुसार, चार नवंबर को वह उपजिलाधिकारी पट्टी के 14 अक्तूबर के आदेश के अनुपालन में राजस्व निरीक्षक राकेश सिंह और लेखपाल प्रदुम सिंह के साथ आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के विभारपुर गांव में पैमाइश कराने पहुंचे थे।आरोप है कि मौके पर विपक्षी आदित्य प्रसाद पुत्र रामभुवाल अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ पहुंच गया। सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए सभी लोग राजस्व टीम को गाली देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से लेखपाल सुधीर मौर्य पर हमला कर दिया। मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि आरोपियों ने उनके हाथ में मौजूद नक्शा भी फाड़ दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।पीड़ित लेखपाल ने उपचार कराने के बाद पांच नवंबर को थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने आदित्य प्रसाद और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Comments
Post a Comment