विवाहिता की मौत के मामले में पति समेत तीन गिरफ्तार,शादी के बाद से ही विवाहिता को किया जा रहा था प्रताड़ित, जहरीला पदार्थ खाने से हुई थी मौत,
विवाहिता की मौत के मामले में पति समेत तीन गिरफ्तार,
शादी के बाद से ही विवाहिता को किया जा रहा था प्रताड़ित, जहरीला पदार्थ खाने से हुई थी मौत,
प्रतापगढ़। दहेज में बाइक और एक लाख रुपये की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने पति, ससुर और सास को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी मुकदमे में वांछित चल रहे थे। पुलिस ने रविवार को गधियावां पट्टी रोड स्थित नारायण महाविद्यालय के पास से तीनों को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, जौनपुर जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र के बनकट लोदी नगईपुर निवासी व्यक्ति ने अपनी बेटी काजल की शादी आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के गधियावां गांव निवासी निखिल पटेल के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग दहेज में दोपहिया वाहन और एक लाख रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर काजल को प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।आरोप है कि 28 जुलाई 2026 को काजल के जहरीला पदार्थ खाने की सूचना पर परिजन उसे उपचार के लिए प्रयागराज ले गए थे। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी।इस मामले में आसपुर देवसरा थाने में मुकदमा संख्या 205/2026 के तहत बीएनएस की धारा 80(2), 85, 351(3) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल वर्मा (22), उसके पिता रामकुमार वर्मा (46) और मां संगीता देवी (42) निवासी गधियावां, थाना आसपुर देवसरा के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जावेद अहमद खान, उपनिरीक्षक जयकिशुन यादव, कांस्टेबल वीरेंद्र यादव, किशन दुबे, नीरज पटेल और महिला कांस्टेबल गायत्री यादव शामिल रहे।
Comments
Post a Comment