तूफान से धान की फसल तबाह, किसानों की मेहनत पर फिरा पानी
तूफान से धान की फसल तबाह, किसानों की मेहनत पर फिरा पानी
प्रतापगढ़। चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के प्रभाव से तेज हवा और बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पट्टी तहसील क्षेत्र के दयालगंज, पूरे दलपत शाह, गोहानी, पचौरी, आकारीपुर, भाटी खुर्द, धौरहरा, धानेपुर, दलापुर, पर्वतपुर, विक्रम पट्टी, कबीरपुर और आसपुर देवसरा समेत कई गांवों में पककर तैयार धान की फसल खेतों में गिर गई है। खेतों में जलभराव के कारण कटाई और मड़ाई का काम भी प्रभावित हो रहा है।आसपुर देवसरा क्षेत्र में करीब 40 प्रतिशत धान की फसल अभी खेतों में खड़ी है। कहीं कटाई के बाद धान की फसल खेत में बिछी पड़ी है तो कहीं तेज हवा के कारण खड़ी फसल गिर गई है। इससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है। वहीं, खेतों में पानी भरने से आलू, सरसों, चना, मटर और सब्जियों की बुवाई भी प्रभावित हो रही है।आकारीपुर गांव के किसान अंतू राम वर्मा ने बताया कि तूफान से धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है। किसानों की सालभर की मेहनत पर पानी फिर गया है। उन्होंने सरकार से प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता देने की मांग की।वहीं, पूरे दलपत शाह गांव के किसान राजेंद्र प्रसाद वर्मा ने बताया कि खेतों में जलभराव के कारण रबी की फसलों की बुवाई प्रभावित हो रही है। आलू, चना, मटर और सब्जियों की खेती करने वाले किसानों के सामने भी संकट खड़ा हो गया है। किसानों ने नुकसान का आकलन कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।
Comments
Post a Comment